काठमांडू: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड और उसके बाद हुए भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। आपदा के करीब एक सप्ताह बाद प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह बुधवार को संसद पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस भयावह त्रासदी से उबरने के लिए नेपाल को अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मदद के साथ-साथ जलवायु न्याय की भी जरूरत है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,243 हो गई है, जबकि करीब 4,875 लोग अब भी लापता हैं। काठमांडू से सटे कम से कम तीन जिलों में राहत और बचाव अभियान जारी है। लगातार बारिश, मलबे और कठिन परिस्थितियों के बीच बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
13 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचाया गया
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संसद में कहा कि 26 अगस्त की फ्लैश फ्लड इतनी अप्रत्याशित थी कि इसकी भयावहता का पहले अनुमान लगाना बेहद मुश्किल था। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
शाह के मुताबिक, नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान चलाया और 13 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला।
ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन पर जताई चिंता
प्रधानमंत्री ने नेपाल में बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं के पीछे ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन को एक बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक देशों से होने वाला कार्बन उत्सर्जन नेपाल जैसे पर्वतीय देशों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से पर्वतीय और हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जोखिम लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इसके प्रभावों को कम करने और नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी वैश्विक समुदाय की भी है।
सुरंग में घुसा पानी और मलबा, बचाव अभियान में आई मुश्किल
शाह ने बताया कि बाढ़ का पानी मिट्टी और मलबे के साथ जिस तेजी से सुरंगों में दाखिल हुआ, वह सामान्य परिस्थिति नहीं थी। ऐसे हालात में फंसे लोगों तक पहुंचना बेहद कठिन हो गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की आपदा से निपटने के लिए मौजूदा तकनीक भी पर्याप्त नहीं है। प्रधानमंत्री ने सेना, पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के राहत एवं बचाव प्रयासों की सराहना की।
UN महासभा में उठेगा जलवायु नुकसान का मुद्दा
प्रधानमंत्री शाह ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने को लेकर स्पष्ट पुष्टि नहीं की, लेकिन उन्होंने कहा कि नेपाल को जलवायु परिवर्तन से होने वाले नुकसान और क्षति का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाना होगा।
उन्होंने कहा कि नेपाल को पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है और वैश्विक समुदाय को इस संकट में नेपाल का साथ देना चाहिए।
विदेशी मदद लेने से इनकार का सवाल नहीं
अंतरराष्ट्रीय सहायता को लेकर शाह ने स्पष्ट किया कि इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के समय विदेशी मदद लेने से इनकार करने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि संकट की शुरुआत से ही नेपाल सरकार अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ समन्वय कर रही है और राहत एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।
अज्ञात शवों के DNA सैंपल सुरक्षित
प्रधानमंत्री ने बताया कि अज्ञात मृतकों के DNA सैंपल लिए गए हैं और उनकी वैज्ञानिक जांच की जा रही है। फिलहाल पहचान नहीं हो पाने वाले शवों को दफना दिया गया है।
शाह के मुताबिक, भविष्य में यदि किसी मृतक के परिजन पहचान के साथ सामने आते हैं तो DNA मिलान के आधार पर शव की पहचान की जा सकेगी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों को सौंपा जा सकता है।
AWAZ PLUS DIGITAL | नेपाल फ्लैश फ्लड पर बड़ी खबर
यदि कोई खबर शिकायत से संबंधित है तो, अभी तक का अपडेट
खबर प्रकाशित
3 Sep, 09:19 amकाठमांडू: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड और उसके बाद हुए भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। आप...
आगे की रिपोर्ट आने पर यहीं जुड़ेगी। अभी समाधान की पुष्टि नहीं हुई है।
💬 टिप्पणियां
अपनी टिप्पणी दें
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें